हंदवाड़ा में एक मस्जिद के निर्माण के दौरान रहस्यमय विस्फोट हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए जीएमसी हंदवाड़ा ले जाया गया है और घटना की जांच जारी है।
उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के हंदवाड़ा में एक मस्जिद को गिराने के दौरान हुए धमाके में 3 लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एफएसएल टीम ने आगे की जांच के लिए सैंपल जुटाए हैं।
विज्ञापन
यह घटना हंदवाड़ा के काशेरी इलाके में सोमवार सुबह की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब स्थानीय लोग नई मस्जिद बनाने के लिए पुराने ढांचे को गिरा रहे थे। मस्जिद गिराने की प्रक्रिया के दौरान अप्रत्याशित रूप से धमाका हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जीएमसी हंदवाड़ा ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान नतनुसा के मुदस्सिर अहमद मीर, कचरी के गुलाम अहमद तांत्रे और हादीपोरा के ओवैस अहमद के रूप में हुई है। विस्फोट के तुरंत बाद सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि एफएसएल टीम ने आगे की जांच के लिए सैंपल ले लिए हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम फिलहाल विस्फोट की प्रकृति और उत्पत्ति की जांच कर रही है। विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।