जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित सांबा जिले के घगवाल क्षेत्र के हरसत गांव में सोमवार देर रात एक जोरदार धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। यह धमाका रात करीब 1 बजे एक रिहायशी मकान के बाहर हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनी गई।
विज्ञापन
धमाका इतना तेज था कि घर का मुख्य लोहे का गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दीवारों में भी दरारें आ गईं। घटना के समय घर के अंदर मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका किस प्रकार का था और इसमें किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ।