महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि 23 जनवरी 2026 को उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने बीआरओ के प्रोजेक्ट बीकन के साथ एमओयू बढ़ाकर शेषनाग तक सड़क निर्माण को मंजूरी दी। उन्होंने इस कदम पर चिंता जताते हुए कहा कि विकास के नाम पर क्षेत्र की नाजुक पारिस्थितिकी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिससे शेषनाग का पर्यावरण और अमरनाथ यात्रा दोनों खतरे में पड़ सकते हैं।
महबूबा मंगलवार को निर्माण स्थल का दौरा करने पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और पर्यटन विभाग से एमओयू तथा निर्माण की मंजूरी पर जवाब देने और पर्यावरण को अपूरणीय क्षति होने से पहले इसे वापस लेने की मांग की।
बीआरओ ने सुरक्षा मानकों के पालन का किया दावा
वहीं, बीआरओ ने सोमवार को स्पष्ट किया कि अमरनाथ यात्रा के बाद किया जा रहा कार्य सभी सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए किया जा रहा है। हालांकि, झील के पास खुदाई करती मशीन का वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया।
ऑनलाइन याचिका को मिले 1600 समर्थन, फिर गायब
शेषनाग क्षेत्र में निर्माण रोकने के लिए Change.org पर 'Stop construction around Kashmir's alpine lakes' नाम से ऑनलाइन याचिका शुरू की गई थी। याचिका को करीब 1600 लोगों का समर्थन मिला, लेकिन बाद में यह वेबसाइट से गायब हो गई। याचिका में स्थानीय पर्यावरणविदों और समुदायों से बातचीत कर टिकाऊ समाधान निकालने की मांग की गई थी।
याचिकाकर्ताओं ने सीमित परमिट के साथ ट्रैकिंग, नियंत्रित पर्यटक पहुंच और पर्यावरण अनुकूल आवास जैसे विकल्प अपनाने का सुझाव दिया था, ताकि पर्यटन से आर्थिक लाभ हो लेकिन प्राकृतिक क्षेत्र को नुकसान न पहुंचे।
कांग्रेस और मीरवाइज ने भी जताई चिंता
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने झील के पास खुदाई मशीन तैनात किए जाने पर सवाल उठाए। कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें इस नुकसान को रोकने के लिए आगे आना चाहिए। मीरवाइज ने भी ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे।
बीजेपी ने आलोचकों पर लगाया राजनीतिक विवाद खड़ा करने का आरोप
जम्मू-कश्मीर बीजेपी ने पर्यावरण के मुद्दे पर विरोध करने वालों को निशाने पर लिया। पार्टी प्रवक्ता और पूर्व एमएलसी गिरधारी लाल रैना ने आरोप लगाया कि पर्यावरण के नाम पर विवाद खड़ा करने की कोशिश हो रही है, ताकि विकास कार्यों, धार्मिक भावनाओं और घाटी के शांतिपूर्ण माहौल को प्रभावित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बीजेपी विकास को सांप्रदायिक रंग देने और अमरनाथ यात्रा को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध करेगी।
झील के पास खुदाई करते एक्सकेवेटर का वीडियो सामने आने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक और पर्यावरणीय बहस तेज हो गई है।