फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shopian: एलजी सिन्हा ने शोपियां में महिला प्रशिक्षण समापन समारोह में की शिरकत, 1481 महिलाओं को किया सम्मानित

Sat, 12 Jul 2025 06:39 PM IST
निकिता गुप्ता अमर उजाला, नेटवर्क शोपियां

सार

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शोपियां में महिला व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के समापन समारोह में भाग लिया और 1481 महिलाओं को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में महिला सशक्तिकरण अब जन आंदोलन बन चुका है।
विज्ञापन
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां ज़िले के बालापुर में आर्मी गुडविल स्कूल में महिला व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के समापन समारोह में भाग लिया। उपराज्यपाल ने आर्मी गुडविल स्कूल, शोपियां और पुलवामा, कुलगाम, बडगाम, अनंतनाग और पांपोर स्थित पांच अन्य उद्यमिता एवं आजीविका संवर्धन केंद्रों में व्यावसायिक प्रशिक्षण और जीवन संवर्धन कौशल पाठ्यक्रम पूरा करने वाली महिला प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया।

विज्ञापन


उन्होंने महिला सशक्तिकरण की अद्भुत पहल और हाल ही में संपन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की 125 महिला प्रशिक्षुओं सहित 1481 महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए मोनिका पाल भारती उनकी पूरी टीम डॉ. भीम राव अंबेडकर विकास एवं सेवा संस्थान, प्रोजेक्ट तोहा सोशल और भारतीय सेना की उनकी पूरी टीम की सराहना की।

एलजी मनोज सिन्हा ने कहा, जम्मू-कश्मीर में महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाएं बदलाव ला रही हैं
बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि बाबा साहेब महिला अधिकारों और महिला सशक्तिकरण के अग्रदूत थे और उनके शाश्वत मूल्य तथा निस्वार्थ सेवा, समानता और सामाजिक न्याय का संकल्प आज भी राष्ट्र का मार्गदर्शन कर रहा है।

उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जम्मू-कश्मीर में महिला सशक्तिकरण एक जन आंदोलन में बदल गया है।एलजी ने कहा, महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक उत्थान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि महिलाओं के नेतृत्व वाला विकास हमें आतंकवाद, नशाखोरी और अन्य सामाजिक बुराइयों जैसी चुनौतियों पर विजय पाने और एक शांतिपूर्ण एवं समृद्ध जम्मू-कश्मीर के निर्माण में मदद करेगा। नारी शक्ति ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में जबरदस्त बदलाव लाया है।

हमारे बहुआयामी दृष्टिकोण और महिला केंद्रित पहलों ने जम्मू-कश्मीर में महिलाओं को प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता प्रदान करके सशक्त बनाया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि महिलाएं न केवल विकास की लाभार्थी हों, बल्कि जम्मू-कश्मीर की विकास यात्रा में एक प्रमुख भागीदार भी हो।

उपराज्यपाल ने प्रतिभागियों द्वारा प्रशिक्षण पूरा करने और अपना व्यवसाय शुरू करने के बाद वार्षिक अनुवर्ती कार्रवाई करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला और पुरुष उद्यमियों की संख्या के बीच के अंतर को कम करने और महिला कार्यबल को अपने व्यवसायों को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु एक योजनाबद्ध दृष्टिकोण पर ज़ोर दिया।

उन्होंने आगे कहा कि हमें महिलाओं की अंतर्निहित क्षमताओं और अमूल्य योगदान को पूरे दिल से पहचानना और उनका सम्मान करना चाहिए और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी नेतृत्वकारी भूमिका को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए, यह सुनिश्चित करते हुए कि उन्हें उत्कृष्टता प्राप्त करने और प्रेरित करने का हर अवसर मिले।

उपराज्यपाल ने सेना के सामुदायिक जुड़ाव और विकास कार्यक्रम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना न केवल पूरी सतर्कता के साथ भारत की एकता और अखंडता सुनिश्चित कर रही है, बल्कि समाज को बदलने का भी निरंतर नेक कार्य कर रही है।
विज्ञापन

समारोह में सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
गौरतलब है कि जीओसी 15 कोर लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव, जीओसी विक्टर फोर्स मेजर जनरल धनंजय जोशी, डिव कॉम विजय कुमार बिधूड़ी, डीआईजी एसकेआर जाविद इकबाल मट्टू, उपायुक्त शोपियां शिशिर गुप्ता, पुलिस, नागरिक प्रशासन और सेना के वरिष्ठ अधिकारी के अलावा डॉ. भीम राव अंबेडकर विकास एवं सेवा संस्थान के सदस्य तथा और बड़ी संख्या में युवा इस अवसर पर उपस्थित थे।

संबंधित वीडियो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें