उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए तत्काल प्रभाव से 6 जेकेएएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासनिक विभाग (जीएडी) द्वारा जारी सरकारी आदेश संख्या 1078-जेके(जीएडी) ऑफ 2026 के मुताबिक, ये प्रशासनिक बदलाव जनहित और सुचारू कामकाज को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। इस नए फेरबदल के तहत गृह विभाग को मजबूत करते हुए वहां एक उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) और चार अवर सचिवों (अंडर सेक्रेटरीज) की नियुक्ति की गई है।
आदेश के अनुसार, सूचना निदेशालय में प्रोग्राम एंड कोआर्डिनेशन एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत आकांक्षा कलसोत्रा का तबादला कर उन्हें गृह विभाग में उप सचिव के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही बारामुला में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के सहायक निदेशक के पद पर तैनात जूनियर स्केल जेकेएएस अधिकारी तारिक अहमद शेख को गृह विभाग में अवर सचिव बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) में अवर सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे जूनियर स्केल जेकेएएस अधिकारी पुलकित दत्ता को भी स्थानांतरित कर गृह विभाग में ही अवर सचिव के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में जूनियर स्केल जेकेएएस अधिकारी और सीडीपीओ खौर सुमित सूरी तथा ब्लॉक विकास अधिकारी दुग्गैन अजय सिंह को भी गृह विभाग में अवर सचिव के रूप में तैनात किया गया है। वहीं वर्तमान में गृह विभाग में अवर सचिव के रूप में कार्यरत मोनीष कुमार का तबादला कर दिया गया है और उन्हें आगामी समायोजन व नए आदेशों के लिए सामान्य प्रशासनिक विभाग (जीएडी) में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।