गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम हेतु लद्दाख में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम शुरू, स्रोत – सोशल मीडि
लेह। केंद्र शासित प्रदेश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से एसएनएम अस्पताल में शनिवार को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह पहल किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लेह में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग लद्दाख के आयुक्त सचिव डॉ. लाल्तिंखुमा फ्रैंकलिन ने किया। इस अवसर पर मिशन निदेशक तुषार आनंद भी उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. ताशी थिनलेस ने एचपीवी की प्रारंभिक रोकथाम के महत्व पर जोर देते हुए अभिभावकों से टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और नियमित जांच के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर को काफी हद तक रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सात बालिकाओं को टीका लगाया गया तथा उनकी जानकारी यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सफलतापूर्वक अपडेट की गई। तुषार आनंद ने लाभार्थियों को डिजिटल स्वीकृति प्रमाण भी प्रदान किए। संवाद