लेह। लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा जान ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर ईरान में चल रहे संघर्ष और सुरक्षा संकट के बीच वहां फंसे लद्दाखी नागरिकों की तत्काल निकासी के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की है।
अपने पत्र में सांसद ने कहा कि युद्ध जैसी स्थिति और ईरानी हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण लद्दाख के कई लोग जिनमें छात्र, तीर्थयात्री और अन्य लोग शामिल हैं, ईरान के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं। वाणिज्यिक उड़ानों के निलंबन के चलते उनकी भारत वापसी का सुरक्षित और सुनिश्चित साधन फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
हनीफा जान ने कहा कि उन्हें लद्दाख में फंसे लोगों के परिजन से लगातार फोन कॉल आ रहे हैं जो अपने रिश्तेदारों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि ईरान में फंसे लद्दाखी निवासियों और अन्य भारतीय नागरिकों की जल्द से जल्द सुरक्षित निकासी के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
सांसद ने केंद्र सरकार से निकासी योजना से संबंधित नियमित जानकारी साझा करने का भी अनुरोध किया है और तेजी से बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। संवाद