लेह। लद्दाख के लिए गर्व का क्षण रहा जब हेमिस शुकपाचन के स्टांजिन लुंडुप ने विगत शुक्रवार को मिलानो कॉर्टिना 2026 शीतकालीन ओलंपिक में पुरुषों की 10 किमी इंटरवल स्टार्ट फ्रीस्टाइल क्रॉस-कंट्री स्कीइंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया और विश्व भर में 104वें स्थान पर रहे।
तेसेरो क्रॉस-कंट्री स्कीइंग स्टेडियम में आयोजित इस कड़े टाइम-ट्रायल मुकाबले में भारतीय सेना के इस युवा खिलाड़ी ने 28 मिनट 26.7 सेकंड का समय दर्ज करते हुए दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्कीयरों के बीच कुल 104वां स्थान हासिल किया।
विज्ञापन
कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के बावजूद स्टांजिन लुंडुप की भागीदारी लद्दाख जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। हेमिस शुकपाचन की बर्फीली ढलानों से ओलंपिक के भव्य मंच तक का उनका सफर हिमालयी लोगों की ताकत, सहनशक्ति और जुझारू भावना को दर्शाता है।
लद्दाख स्की एवं स्नोबोर्ड एसोसिएशन ने स्टांजिन लुंडुप को उनके पहले ओलंपिक प्रदर्शन पर बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वह आगे भी लद्दाख और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।