संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। जिवेत्सल में वीरवार को हजारों भक्त एकत्र हुए। यहां भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की सार्वजनिक पूजा का छठा दिन था। भक्ति और प्रार्थना से ओतप्रोत विशाल आध्यात्मिक समागम का आयोजन किया गया।
लद्दाख बौद्ध एसोसिएशन यूथ विंग के अनुसार लेह जिले तथा आसपास के क्षेत्रों से लगभग 8,000 भक्त पवित्र स्थल पर तथागत के पूजनीय अवशेषों से आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। सुबह से शाम तक भक्तों की लंबी कतारें गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ प्रार्थना अर्पित करती नजर आईं।
लद्दाख गोंपा एसोसिएशन के मार्गदर्शन में कोरजोक मठ के भिक्षुओं ने विशेष प्रार्थनाएं तथा पवित्र अनुष्ठान आयोजित किए। चल रहे आध्यात्मिक कार्यक्रम के हिस्से के रूप में, लद्दाख के 16 प्रमुख मठों के भिक्षु प्रतिदिन रोटेशन के आधार पर प्रार्थनाएं कर रहे हैं।
शुक्रवार, 8 मई को तिब्बती, तमांग तथा शार्पा समुदायों के भक्तों सहित सास्पोल तक के क्षेत्रों के निवासियों के जिवेत्सल पहुंचकर प्रार्थना अर्पित करने तथा आशीर्वाद प्राप्त करने का कार्यक्रम है।
पवित्र अवशेष जिवेत्सल में 10 मई तक सार्वजनिक पूजा के लिए उपलब्ध रहेंगे तथा उसके बाद 11 मई को आगामी आध्यात्मिक यात्रा के चरण के लिए जंस्कार ले जाए जाएंगे।