लद्दाख के उपराज्यपाल एक नव नियुक्त अभ्यर्थी के साथ नियुक्ति पत्र थामे हुएस्रोत - सूचना विभाग
- रोजगार मेले में पहुंचे विनय कुमार सक्सेना, बोले-यह नियुक्ति केवल नौकरी नहीं बल्कि आजीवन जिम्मेदारी की शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
कारगिल। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कारगिल के सैयद मेहदी ऑडिटोरियम हॉल में मंगलवार को लगे रोजगार मेले के दौरान 200 नवचयनित सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
उपराज्यपाल ने चयनित अभ्यर्थियों एवं उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति केवल नौकरी नहीं बल्कि आजीवन जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने नए कर्मचारियों से ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। भर्ती प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष घोषित 1,385 पदों में से 710 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है जबकि शेष प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही सब-इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, शिक्षकों और नॉन-गजेटेड पदों के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे जिनमें सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को विशेष छूट दी जाएगी। पूर्व राष्ट्रपति का उल्लेख करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि किसी भी पद का महत्व व्यक्ति की निष्ठा और कार्यक्षमता से निर्धारित होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी सेवा का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों की सेवा करना और देश के विकास में योगदान देना होना चाहिए।
सभी लंबित पदों को शीघ्र भरने की प्रतिबद्धता दोहराई
उपराज्यपाल ने प्रशासन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने, भर्ती प्रक्रिया को तेज करने और सभी लंबित पदों को शीघ्र भरने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव नियुक्त कर्मचारी जन विश्वास को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।