फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Srinagar News: उपराज्यपाल ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स स्थलों का किया निरीक्षण

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

लेह। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने 20 से 26 जनवरी तक होने वाले छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स की तैयारियों सोमवार को जायजा लिया। उन्होंने खेलों के लिए सभी तीन निर्धारित खेल स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया।

मुख्य स्थल एनडीएस आइस हॉकी स्टेडियम जहां आइस हॉकी मुकाबले और भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। वहां प्रशासनिक सचिव, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, मोसेस कुंजंग ने उपराज्यपाल को तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 से अधिक राज्यों से खिलाड़ियों और तकनीकी स्टाफ सहित लगभग 1000 प्रतिभागियों के आने की संभावना है। प्रतिभागियों के लिए हीटिंग सुविधाओं से युक्त ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। लद्दाख की ऊंचाई और अत्यधिक ठंड को ध्यान में रखते हुए एक स्वास्थ्य परामर्श भी जारी किया गया है।
विज्ञापन


खेल सचिव ने उपराज्यपाल को प्रमुख उन्नयन कार्यों के बारे में भी अवगत कराया जिनमें आइस रिंक की स्वचालित सफाई और समतलीकरण के लिए समर्पित वाहन की व्यवस्था शामिल है जो पहले मैन्युअल रूप से किया जाता था। इसके अलावा निर्बाध मुकाबलों के लिए चिलिंग प्लांट से तैयार आइस शीट का परीक्षण किया गया है। अतिथियों के लिए बैठने और हीटिंग सुविधा से युक्त दो विशेष कक्षों की व्यवस्था के साथ-साथ डिजिटल स्कोरबोर्ड भी स्थापित किया गया है।

उपराज्यपाल ने गुफुक्स पांड जो स्पीड स्केटिंग का स्थल है का भी दौरा किया। यहां प्रशासनिक सचिव मोसेस कुंजंग और युवा सेवाएं व खेल विभाग के संयुक्त निदेशक ताहिर हुसैन ने बताया कि तालाब के जमाव और सतह को समतल बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं ताकि आइस स्केटिंग प्रतियोगिताएं सुचारु रूप से आयोजित की जा सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्राकृतिक रूप से बर्फ जमने में देरी के कारण निर्बाध आयोजन सुनिश्चित करने के लिए गहन हस्तक्षेप करना पड़ा।

लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर में उपराज्यपाल और प्रशासनिक सचिव का एलएसआरसी के कमांडेंट कर्नल कमल पांडेय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस स्थल पर भी आइस हॉकी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए एलजी ने कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने, युवा प्रतिभाओं को निखारने और लद्दाख जैसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में भारत के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की एक प्रमुख राष्ट्रीय पहल है।
उन्होंने कहा कि यह खेल देशभर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने तथा खेल भावना और राष्ट्रीय एकता को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इतने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी लद्दाख की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है।
विज्ञापन


उपराज्यपाल ने आगे कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स का सफल आयोजन लद्दाख को शीतकालीन खेलों और साहसिक पर्यटन के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय, प्रभावी ब्रांडिंग और त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा यह भी दोहराया कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें