16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लद्दाख के उपराज्यपाल ने वर्चुअल रूप से विशेष शिविर का किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में जागरूक और सक्रिय नागरिकों की अहम भूमिका पर जोर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हरेक वोट देश के भविष्य की दिशा तय करता है।
उन्होंने नागरिक चेतना बढ़ाने और चुनावी प्रक्रिया में जिम्मेदार भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने इस वर्ष की थीम मेरा भारत, मेरा वोट के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि लोकतंत्र केवल संस्थानों से नहीं बल्कि प्रत्येक मतदाता की सचेत भागीदारी से शुरू होता है। उन्होंने कहा कि हर एक वोट देश के विकास, प्राथमिकताओं और भविष्य की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाता है।
उपराज्यपाल ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद लोकतंत्र में अटूट विश्वास बनाए रखने के लिए लद्दाख के लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लद्दाख लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है, यह सिद्ध करता है कि कठिन भूभाग कभी भी लोकतांत्रिक भावना को कमजोर नहीं कर सकता।
पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को संबोधित करते हुए एलजी ने युवा पीढ़ी की क्षमता पर भरोसा जताया और कहा कि आने वाले दशकों में युवा जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे। उपराज्यपाल ने इस बात पर भी बल दिया कि लद्दाख का विकास उसकी विशिष्ट संस्कृति, परंपराओं और संवेदनशील पर्यावरण के संरक्षण के साथ-साथ होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लद्दाख को आधुनिक, समृद्ध और आत्मनिर्भर क्षेत्र बनाने की दिशा में कार्य करें, साथ ही इसकी पर्यावरणीय और सांस्कृतिक विरासत को भी संजोए रखें।
सभी पात्र नागरिकों से अपील करते हुए उपराज्यपाल ने मतदाता सूची शुद्धिकरण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया।
उपराज्यपाल ने सामूहिक संकल्प लेने का प्रस्ताव रखा कि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं मतदान करेगा और दूसरों को भी प्रेरित करेगा, लोकतांत्रिक मूल्यों, एकता और निष्पक्षता को बनाए रखेगा तथा यह सुनिश्चित करेगा कि हर पात्र लद्दाखी नागरिक पंजीकृत, जागरूक और सशक्त हो।
इससे पहले उपराज्यपाल ने मुख्य बाजार लेह में आयोजित 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस विशेष शिविर स्टॉल का वर्चुअल उद्घाटन किया। 10 पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को ईपीआईसी कार्ड वितरित किए तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए पगिर को 10 लाख रुपये की अनुदान राशि की घोषणा की।