लेह। खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में भाग लेने के लिए देशभर से टीमें और खिलाड़ी लेह पहुंचने लगे हैं। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के युवा सेवा एवं खेल विभाग ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी और उत्साहपूर्ण स्वागत किया जो लद्दाख की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आतिथ्य को दर्शाता है।
लेह पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्थानीय रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया गया। इससे पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला। इस स्वागत कार्यक्रम का उद्देश्य बाहर से आए खिलाड़ियों को अपनापन महसूस कराना और लद्दाख की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करना रहा।
विज्ञापन
खेलो इंडिया विंटर गेम्स का आयोजन 20 से 27 जनवरी तक किया जाएगा। इसमें विभिन्न शीतकालीन खेल स्पर्धाएं शामिल होंगी। इस आयोजन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने और बर्फ व हिम खेलों में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खेलों के सुचारु और सफल आयोजन के लिए आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं और खेल स्थलों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा, सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।