- कविंद्र गुप्ता ने पुणे में महाराष्ट्र इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी- वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के संस्थापक डॉ. विश्वनाथ कराड और डॉ. राहुल कराड से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने पुणे में मंगलवार को महाराष्ट्र इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी-वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. विश्वनाथ कराड तथा महाराष्ट्र अकादमी ऑफ इंजीनियरिंग एंड एजुकेशन रिसर्च के प्रबंध न्यासी एवं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राहुल वी. कराड से मुलाकात की। एलजी ने छात्रों के लिए मूल्य-आधारित शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
बैठक के दौरान डॉ. राहुल वी. कराड ने उपराज्यपाल को एमआईटी-डब्ल्यूपीयू में संचालित विभिन्न शैक्षणिक, अनुसंधान एवं मूल्य-आधारित पहलों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय के अंतर्गत कार्यरत लाइफ ट्रांसफॉर्मेशन सेंटर के बारे में भी बताया जो छात्रों के समग्र विकास, नेतृत्व क्षमता, नैतिकता और आत्म-जागरूकता पर केंद्रित है।
डॉ. राहुल कराड ने लद्दाख के छात्रों के लिए एक पीस लीडरशिप प्रोग्राम का प्रस्ताव रखा जिसमें लेह और कारगिल जिलों से 100-100 सहित कुल 200 छात्रों की भागीदारी का सुझाव दिया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शांति, मूल्यों, नेतृत्व कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व की मजबूत नींव विकसित करना है।
उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने ज्ञान, मूल्य और आध्यात्मिकता के समन्वय के माध्यम से शिक्षा को नए सिरे से परिभाषित करने में डॉ. विश्वनाथ कराड और डॉ. राहुल कराड के योगदान की सराहना की। उन्होंने पीस लीडरशिप प्रोग्राम के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें लद्दाख के युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी होंगी जिससे वे जिम्मेदार नागरिक और भावी नेतृत्वकर्ता बन सकेंगे तथा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का संरक्षण भी कर पाएंगे।
कविंद्र गुप्ता ने विशेष रूप से दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों के छात्रों के लिए मूल्य-आधारित शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने लद्दाख के युवाओं के समग्र विकास के लिए केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और एमआईटी-डब्ल्यूपीयू के बीच भविष्य में सार्थक सहयोग की आशा व्यक्त की।