लेह। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम, प्रधानमंत्री विकास पैकेज सहित केंद्र सरकार की विभिन्न प्रमुख योजनाओं की प्रगति की शुक्रवार को समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्तों को स्कूल शिक्षकों के पदों के लिए शीघ्र विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए।
उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि सीआरआईएफ के तहत लगभग 931 करोड़ रुपये की लागत से 14 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। वहीं आरडीएसएस के अंतर्गत 1216.86 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य जारी है जिन्हें मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत लद्दाख के लिए 21,441 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है जिसमें प्रमुख सड़क एवं विद्युत अवसंरचना परियोजनाएं शामिल हैं।
विज्ञापन
उपराज्यपाल ने राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदों की भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की। बताया गया कि वर्ष 2025 में लगभग 1,385 अराजपत्रित पदों का विज्ञापन जारी किया गया था जिनमें से 900 से अधिक पदों को भरा जा चुका है। 473 स्नातक स्तर के पदों की परीक्षाएं मार्च 2026 में आयोजित की जाएंगी। शिक्षकों सहित अन्य रिक्त पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान भी प्रस्तावित हैं।
उपराज्यपाल ने विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण, समयबद्ध निर्णय, विभागों के बीच समन्वय तथा सख्त निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया। पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन पर बल देते हुए उपराज्यपाल ने सभी विभागों से समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।