विभिन्न मुद्दों को लेकर कई प्रतिनिधिमंडलों ने उपराज्यपाल लद्दाख से की मुलाकात, स्रोत – सूचना वि
- विभिन्न मुद्दों को लेकर कई प्रतिनिधिमंडलों ने लद्दाख के उपराज्यपाल से की मुलाकात, एलजी ने दिया समस्याएं हल करने का भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले कई प्रतिनिधिमंडलों ने लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता से बुधवार को उपराज्यपाल सचिवालय में भेंट की। इस दौरान सदस्यों ने क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। अपने संबोधन में एलजी ने कहा कि लद्दाख के लोगों के समग्र कल्याण के प्रति प्रदेश प्रशासन प्रतिबद्ध है।
वार हीरोज कॉलोनी डेवलपमेंट सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक-सह-सचिव, राज्य सैनिक बोर्ड लद्दाख कर्नल (सेवानिवृत्त) लोबजांग नीमा की उपस्थिति में आइबेक्स कॉलोनी स्थित वार हीरोज कॉलोनी से संबंधित समस्याओं को उपराज्यपाल के समक्ष रखा। इसी तरह शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कश्मीर में कार्यरत माली कर्मचारियों ने लद्दाख में पुनः स्थानांतरण की मांग रखी।
लामायुरू मठ के प्रतिनिधियों ने मठ के नवीनीकरण की आवश्यकता को उजागर किया। दारचिक गांव के प्रतिनिधिमंडल ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुए घरों का मुद्दा उठाया। मार्त्सेलांग की एक महिला स्वयं सहायता समूह ने कर्नल वरुण के नेतृत्व में बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी पैड निर्माण की अपनी पहल के बारे में उपराज्यपाल को अवगत कराया। इसके अलावा, नुब्रा घाटी के थांग, तुरतुक से गोबा अली ने समुदाय के कल्याण के लिए की जा रही विभिन्न पहलों की जानकारी साझा की।
... ताकि सतत रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें
उपराज्यपाल ने कहा कि लद्दाख प्रशासन का मुख्य फोकस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं, बेहतर संपर्क व्यवस्था तथा पर्यटन क्षेत्र के विकास पर है ताकि स्थानीय लोगों के लिए सतत रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें। उन्होंने सभी वास्तविक मांगों का समन्वित विभागीय कार्रवाई के माध्यम से समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।