लेह। फोब्रांग गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता से वीरवार को मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र शासित प्रदेश के दूरस्थ सीमावर्ती इलाकों में अल्ट्रा स्मॉल बैंक स्थापित करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने एलजी को बताया कि लद्दाख के कठिन भू-भाग और लंबी दूरी के कारण स्थानीय निवासियों और सेना के जवानों को बुनियादी बैंकिंग सेवाओं तक पहुंचने के लिए बेहद मुश्किल और लंबी यात्राएं करनी पड़ती हैं। उपराज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं से सहमति जताई और कहा कि ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में बड़े पारंपरिक बैंक शाखाएं बनाना व्यावहारिक नहीं होता। उन्होंने जोर देकर कहा कि बैंकिंग सहित सभी बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना यूटी प्रशासन की प्राथमिकता है।
एक अन्य बैठक में आर्किटेक्ट एंड टाउन प्लानर एसोसिएशन कारगिल के अध्यक्ष तथा जम्मू से आए वे कर्मचारी जो लद्दाख के विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, ने भी एलजी से मुलाकात की और अपने पेशेवर आवश्यकताओं तथा प्रशासनिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।