संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने शुक्रवार को लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता से उपराज्यपाल सचिवालय में मुलाकात कर विकास, रोजगार और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन–डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ हाई-एल्टीट्यूड रिसर्च के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की।
विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत नेशनल यूथ कॉर्प्स के कर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी कई समस्याएं उठाईं।
सोनमलिंग सेटलमेंट के मुख्य प्रतिनिधि अधिकारी के नेतृत्व में तिब्बती शरणार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल को आगामी तिब्बती लोसर पर्व की जानकारी दी और कल्याण से जुड़े मुद्दे उठाए। स्वर्गीय एएसआई सोनम दोरजे की पत्नी स्कालजांग डोलमा ने अपने पति की स्मृति में एक स्मारक स्थापित करने का अनुरोध किया। सोनम दोरजे ने 1998 में श्रीनगर में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे।
पूर्व पार्षद मिर्ज़ा हुसैन के नेतृत्व में चुशोत गोंगमा के प्रतिनिधिमंडल ने गांव में बुनियादी ढांचे और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। तैसुरु के एक प्रतिनिधिमंडल ने डाम्सना गांव के विकास और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर प्रकाश डाला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 26 फरवरी से शुरू होने वाले लद्दाख के 30 छात्रों के लिए विभिन्न राज्यों के 13 दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी दी।
उपराज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडलों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की इस प्रतिबद्धता को दोहराया कि लद्दाख के लोगों के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा, ताकि उन्हें सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और दूरसंचार सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों की आजीविका के लिए पर्यटन को बढ़ावा देने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।