लेह। लद्दाख की साइबर क्राइम यूनिट की विशेष जांच टीम ने मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा के नाम से किए जा रहे साइबर फ्रॉड को लेकर वीरवार को नागरिकों के लिए एक तात्कालिक जन-परामर्श जारी किया।
एडवाइजरी के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति फर्जी अथवा वर्चुअल व्हाट्सऐप नंबर का उपयोग कर मुख्य सचिव का प्रतिरूपण कर रहा है और लोगों को पैसे की मांग वाले संदेश भेज रहा है। इस धोखाधड़ी में प्रयुक्त नंबर को फर्जी बताया गया है और इसके भारत के बाहर से संचालित होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी सरकारी अधिकारी व्हाट्सऐप या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से धन की मांग नहीं करता।
आम जनता को सख्त हिदायत दी गई है कि ऐसे संदेशों का जवाब न दें कोई भी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा न करें और किसी भी स्थिति में धन हस्तांतरित न करें। इस प्रकार के फर्जी संदेश प्राप्त करने वाले व्यक्ति राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर सकते हैं, cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं या सीधे साइबर क्राइम यूनिट लेह से संपर्क कर सकते हैं। संवाद