संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने लेह के जिवे-त्सल का दौरा कर आगामी पवित्र बुद्ध अवशेष प्रदर्शनी की तैयारियों की शुक्रवार को समीक्षा की। यह प्रदर्शनी 1 मई से शुरू होने वाली है।
दौरे के दौरान मुख्य सचिव ने आयोजन स्थल पर बुनियादी ढांचे, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, पार्किंग सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को ध्यान में रखते हुए की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान उनके साथ पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह, पर्यटन विभाग के प्रशासनिक सचिव संजीत रोड्रिग्स, उपायुक्त लेह रोमिल सिंह डोंक, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एसएसपी ट्रैफिक विकास कुमार तथा केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे जिनमें लद्दाख बौद्धिस्ट एसोसिएशन और लद्दाख गोंपा एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित समुदाय के अन्य सदस्य शामिल थे।
इस समीक्षा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पवित्र प्रदर्शनी के सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही पूरी कर ली जाएं। इस आयोजन में देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, तीर्थयात्री और पर्यटकों के आने की उम्मीद है।