लेह। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू तथा नुब्रा के जिला अध्यक्ष त्सेरिंग सांडुप ने विगत शनिवार को दिल्ली स्थित आवास पर लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नुब्रा घाटी में फंसे नागरिकों की तत्काल हवाई निकासी के लिए सहायता की मांग की।
बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने नुब्रा क्षेत्र में नागरिकों को हो रही कठिनाइयों को उपराज्यपाल के समक्ष रखा और बताया कि लगभग 250 नागरिक वर्तमान में फंसे हुए हैं जिन्हें चिकित्सा, व्यक्तिगत, तीर्थयात्रा और आधिकारिक कार्यों के लिए यात्रा करनी आवश्यक है। उन्होंने थोइस से चंडीगढ़ तक वायुसेना की हवाई सेवाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
नेताओं ने उपराज्यपाल से आग्रह किया कि इस मामले को शीघ्र ही रक्षा मंत्रालय के समक्ष उठाया जाए ताकि समय पर राहत और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जा सके। उपराज्यपाल ने उनकी बातों को धैर्यपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि इस मुद्दे की जांच कर संबंधित अधिकारियों के साथ इसे आगे बढ़ाया जाएगा। संवाद