-कब्रिस्तान पहुंचने से 10 किलोमीटर पहले ही सुरक्षाकर्मियों ने परिजन के मोबाइल फोन अपने पास जमा करा लिए
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में ढेर हुए लश्कर-ए-ताइबा के कमांडर लतीफ भट को बुधवार देर रात उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसके पैतृक गांव ख्रेवान से करीब 160 किलोमीटर दूर हंदवाड़ा स्थित बंगस घाटी के एक गांव में दफनाने की व्यवस्था की थी। रात करीब 10 बजे कड़े सुरक्षा घेरे के बीच सभी धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों को पूरा करते हुए उसे दफनाया गया।
सूत्रों के अनुसार अंतिम संस्कार की इस पूरी प्रक्रिया को बेहद गोपनीय और नियंत्रित रखा गया था। कब्रिस्तान पहुंचने से लगभग 10 किलोमीटर पहले ही सुरक्षाकर्मियों ने वहां मौजूद सभी परिजनो के मोबाइल फोन अपने पास जमा करा लिए थे और किसी भी तरह की फोटोग्राफी या वीडियो बनाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई थी।
लतीफ के एक पारिवारिक सदस्य ने दफनाए जाने की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि इस दौरान परिवार के केवल आठ पुरुष सदस्यों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई थी। इनमें लतीफ के पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई शामिल थे।
गौरतलब है कि सरकार की मौजूदा नीति के अनुसार, मारे गए आतंकियों के शव उनके परिवारों को नहीं सौंपे जाते हैं, ताकि जनाजे में भीड़ जुटने और आतंकवाद के महिमामंडन की किसी भी संभावना को रोका जा सके। इसी नियम का पालन करते हुए प्रशासन ने परिवार को कुपवाड़ा ले जाकर अपनी निगरानी में अंतिम रस्में पूरी करवाईं।