Last respects to Army Dog Axel
- फोटो : ANI
कश्मीर संभाग के जिला बारामुला के वानीगाम में हुई मुठभेड़ मे सेना के 'असॉल्ट डॉग एक्सेल' को अपनी जान गंवानी पड़ी। रविवार को सैन्य सम्मान के साथ डॉग एक्सेल को अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। एक्सेल ऑपरेशन के दौरान रूम इंटरवेंशन के लिए अंदर दाखिल हो रहा था, तभी आतंकियों ने उसपर गोलीबारी कर दी। इसमें उसकी जान चली गई। सेना के अधिकारियों व जवानों ने एक्सेल की इस बहादुरी को सलाम किया है।
शनिवार को बारामुला के वानीगाम में जब भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने एक मकान में छिपे आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू किया। तो इसमें डॉग स्क्वॉड को भी शामिल किया गया। जानकारी के अनुसार एक्सेल की पीठ पर एक कैमरा लगाया गया, ताकि उसके द्वारा की जाने वाली रूम इंटरवेंशन के दौरान आतंकवादियों की सही जानकारी सेना तक पहुंच सके और वह आसानी से ऑपरेशन को अंजाम दे सकें।
जैसे ही खोजी कुत्ता मुठभेड़ स्थल पर मकान में दाखिल हुआ तो आतंकियों ने इस पर फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से उसकी जान चली गई। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि असाल्ट डॉग को विशेष ट्रेनिंग दी जाती है, ताकि वह संदिग्ध को दबोच सके। अगर यह नहीं मरता तो आतंकवादी की पहचान पहले ही पता चल जाती। एक अन्य जवान ने कहा कि डॉग और ट्रेनर का एक अलग ही बांड होता है और वह ऑपरेशन के दौरान अहम भूमिका निभाते हैं।