मजबूत मानी जाने वाली पंजाब टीम के खिलाफ दर्ज की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। लद्दाख तीरंदाजी टीम ने हैदराबाद में आयोजित सीनियर आर्चरी नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस प्रतियोगिता में देशभर के 31 राज्यों की टीमें शामिल हुईं।
टीम की यह उपलब्धि लद्दाख की आधुनिक तीरंदाजी यात्रा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शानदार कौशल और संयम का परिचय देते हुए लद्दाख टीम ने राउंड ऑफ 16 में प्रवेश किया और मजबूत मानी जाने वाली पंजाब टीम के खिलाफ जीत दर्ज की। टीम का दमदार प्रदर्शन क्वार्टरफाइनल तक जारी रहा जहां उन्हें आंध्र प्रदेश के खिलाफ बेहद कड़े मुकाबले में केवल दो अंकों से हार का सामना करना पड़ा।
करीबी हार के बावजूद नेशनल गेम्स के लिए टीम का क्वालीफाई करना लद्दाख के लिए ऐतिहासिक प्रगति भी माना जा रहा है जो हिमालयी क्षेत्र से उभर रही खेल प्रतिभाओं को दर्शाता है।
चैंपियशिप में लद्दाख का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों में हुसैन फोकर, नुरबू फियांग, नुबू ठिकसे और अली सांकू थे। आर्चरी एसोसिएशन ऑफ लद्दाख के महासचिव लोबजांग शेरब ने टीम के प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया।