उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के गुरेज सेक्टर में सोमवार को सेना ने नागरिक प्रशासन और शकूर फाउंडेशन के सहयोग से डावर में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान सूमो टैक्सी एसोसिएशन, गुरेज के सभी ड्राइवरों को बायो डीग्रेडेबल बैग वितरित किए।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें कचरा प्रबंधन और गुरेज घाटी को साफ रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही ग्राहकों और पर्यटकों का मार्गदर्शन करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि बायो डीग्रेडेबल बैग की मदद से वे पर्यटकों को अपना कचरा बायो डीग्रेडेबल बैग में डालने के लिए कह सकते हैं और अंतत: इन बैगों को ड्राइवरों द्वारा नामित अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र में निपटाया जाएगा।
शकूर फाउंडेशन गुरेज में एक गैर सरकारी संगठन है जो संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और शिक्षा जैसे मुद्दों पर काम करता है। वहीं, सभी स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की और आयोजन के लिए भारतीय सेना को धन्यवाद दिया।