श्रीनगर पहुंचने पर किरेन रिजिजू का जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंदाबी ने स्वागत किया। इसके बाद वह कॉलेज के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने कॉलेज में विकसित सुविधाओं का जायजा लिया और संस्थान के प्रबंधन व व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
रिजिजू ने डॉ. दरख्शां अंदाबी और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड ने काफी अच्छा काम किया है और बीबी हलीमा नर्सिंग कॉलेज में भी कई विकास कार्य हुए हैं, जिनकी कुछ सुविधाओं का उद्घाटन करने का अवसर उन्हें मिला।
केंद्रीय मंत्री ने कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं, कमरों और पूरे परिसर की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा। इससे शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
अपने कश्मीर दौरे के दौरान किरेन रिजिजू ने हजरतबल दरगाह और शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी जाने की भी जानकारी दी। बीबी हलीमा नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर में शिक्षा और स्वास्थ्य प्रशिक्षण के क्षेत्र में वक्फ बोर्ड की एक नई पहल माना जा रहा है।