मुख्य सचिव लद्दाख आशीष कुंद्रा ने कार्यभार संभालने के बाद कारगिल का पहला दौरा किया, स्रोत – सूच
कारगिल। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने कार्यभार संभालने के बाद शनिवार को कारगिल का पहला दौरा किया। उन्होंने जिले का भ्रमण किया। हेनस्कु में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
दौरे के दौरान मुख्य सचिव ने बोध खारबू में 17 मद्रास यूनिट का निरीक्षण किया। यहां उनका स्वागत कर्नल डीएसए रॉबिन ने किया। निरीक्षण के दौरान यूनिट तक मुख्य सड़क से जाने वाले मार्ग के डामरीकरण की मांग रखी गई। इस पर मुख्य सचिव ने मुख्य अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बोध खारबू स्थित ननरी (बौद्ध महिला मठ) का भी दौरा किया जहां स्थानीय प्रतिनिधियों ने फर्श टाइलिंग, मोबाइल टावर कनेक्टिविटी तथा अन्य बुनियादी ढांचा विकास से संबंधित मुद्दों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा और हस्तक्षेप की मांग की। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने मुलबेख चंबा का दौरा किया। यहां उन्हें इसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन, एक आइस हॉकी रिंक, सार्वजनिक सभा स्थल तथा लिफ्ट सिंचाई योजना से संबंधित मांगें रखीं।
इसके उपरांत मुख्य सचिव ने पाशकुम के थारुम्सा स्थित राजकीय क्लस्टर काउंसिल मिडिल स्कूल का दौरा किया, जहां लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद कारगिल के कार्यकारी पार्षद काचो मोहम्मद फिरोज भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा लद्दाख में एकता की नींव है और यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने में समुदाय की भागीदारी के महत्व पर बल दिया।