संवाद न्यूज एजेंसी
कारगिल। आर्मी गुडविल स्कूल, कम्युनिटी रेडियो स्टेशन (रेडियो द्रास 90.4 एफएम) और द्रास स्थित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र उम्मीदवारों से शिक्षण, प्रशासनिक और तकनीकी पदों के लिए आवेदन करने को कहा गया है।
आर्मी गुडविल स्कूल, द्रास में प्रिंसिपल, शिक्षक, क्लर्क और आया के पदों के लिए रिक्तियां घोषित की गई हैं। प्रिंसिपल पद के लिए न्यूनतम योग्यता बीएड के साथ स्नातकोत्तर डिग्री निर्धारित की गई है। शिक्षक पद के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्रीधारी उम्मीदवार, बीएड के साथ या बिना बीएड आवेदन कर सकते हैं। क्लर्क पद के लिए कम से कम 12वीं पास या उससे अधिक योग्यता आवश्यक है जबकि आया पद के लिए साक्षर और कार्य करने के इच्छुक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कम्युनिटी रेडियो स्टेशन द्रास में भी कई पदों के लिए रिक्तियां घोषित की गई हैं। स्टेशन मैनेजर-कम-सीनियर रेडियो जॉकी के पद के लिए मास कम्युनिकेशन, साउंड इंजीनियरिंग, फिजिक्स, एकॉस्टिक्स, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, म्यूजिक प्रोडक्शन या ऑडियो टेक्नोलॉजी में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री तथा कम से कम पांच वर्ष का अनुभव आवश्यक है।
अन्य पदों में साउंड इंजीनियर/आईटी तकनीकी कर्मी/वीडियोग्राफर, रेडियो जॉकी, सहायक रेडियो जॉकी और अटेंडर/केयरटेकर शामिल हैं। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास साउंड इंजीनियरिंग, मास कम्युनिकेशन, ऑडियो प्रोडक्शन या संबंधित क्षेत्रों में डिप्लोमा या डिग्री होना आवश्यक है। मीडिया या रेडियो स्टेशन में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त द्रास के व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में निटिंग टीचर और टेलरिंग टीचर के पदों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। संबंधित पेशेवर योग्यता और अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। आवेदन फॉर्म आर्मी गुडविल स्कूल द्रास के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने भरे हुए आवेदन पत्र 11 मार्च को सुबह 10:00 बजे से पहले जमा कराने होंगे।