संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड (जेकेबोस) ने कई कक्षाओं और विषयों के लिए संशोधित तथा नव-विकसित पाठ्यपुस्तकों की अधिसूचना जारी कर दी है। बोर्ड ने जम्मू-कश्मीर के सभी सरकारी और निजी संबद्ध स्कूलों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन अपडेट की गई किताबों को लागू करने का निर्देश दिया है।
जेकेबोस के शैक्षणिक प्रभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह संशोधन राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और फाउंडेशन स्टेज व स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा के अनुरूप स्कूली शिक्षा को आधुनिक बनाने के बोर्ड के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
अधिसूचना के मुताबिक, कक्षा पहली के लिए नव-विकसित पाठ्यपुस्तकों में गणित, पंजाबी और संस्कृत शामिल होंगी, जबकि कक्षा दूसरी में अंग्रेजी, गणित, पंजाबी और डोगरी की संशोधित किताबें पढ़ाई जाएंगी। कक्षा तीसरी के लिए अंग्रेजी, गणित, उर्दू, पर्यावरण अध्ययन और कश्मीरी भाषा की पाठ्यपुस्तकों में बदलाव किया गया है।
बोर्ड ने कक्षा छठी के लिए अंग्रेजी, गणित, हिंदी, उर्दू, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और कश्मीरी की संशोधित किताबें जारी की हैं, वहीं कक्षा सातवीं के लिए कश्मीरी की संशोधित पाठ्यपुस्तक निर्धारित की गई है। इसके अलावा, कक्षा ग्यारहवीं के लिए शारीरिक शिक्षा और शिक्षा विषय की नई किताबें तैयार की गई हैं, जिन्हें आगामी शैक्षणिक सत्र से शुरू किया जाएगा।