- केंद्रीय गृह कार्य संसदीय समिति का जम्मू-कश्मीर का दौरा हुआ पूरा
- सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की अध्यक्षता में आई टीम दिल्ली लौटी
- संसद में चर्चा के बाद रिपोर्ट के मुताबिक तय होगी प्रदेश में विकासपरक योजनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पांच दिवसीय दौरे के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय की गृह कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति दिल्ली लौट गई। अध्यक्ष डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने बताया कि समिति अपनी रिपोर्ट संसद को सौंपेगी। मानसून सत्र में इस पर विस्तृत चर्चा होगी। उसके बाद सरकार उसे अपनी मंशानुरुप सुधार के बाद एक्शन-टेकेन कमेटी को सौंपेगी। रिपोर्ट के मुताबिक ही जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय गृह मंत्रालय की कई योजनाएं संचालित होंगी।
11 से 15 मई तक जम्मू-कश्मीर दौरे पर पहुंची संसदीय समिति ने सबसे पहले कटड़ा में आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों को परखा था। 12 मई को श्रीनगर में शासन-प्रशासन के अधिकारियों संग बैठक कर मौजूदा हालात और संचालित एवं भावी परियोजनाओं की हकीकत जानी। 13, 14 और 15 मई को समिति ने गुलमर्ग, सोनमर्ग, कारगिल और जोजिला पास का दौरा किया।
दिल्ली लौटने से पूर्व बातचीत में समिति के चेयरमैन डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने बताया कि अगस्त 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर को अपना खोया हुआ गौरव मिला है। महज पांच साल के सफर में प्रदेश में अंधाधुंध विकास हुआ है। सड़क, रेल और हवाई सेवा का विस्तार हुआ है। युवा पढ़ रहे हैं। महिलाएं बेखौफ होकर घूम रही हैं।
डॉ. राधा मोहन ने कहा कि स्थानीय लोगों ने बातचीत में बताया कि पाकिस्तान की ओर से जबरन काबिज गिलगित और बाल्टिस्तान में रहने वाले उनके रिश्तेदार जुल्म और सितम की जो कहानी बयां करते हैं उनसे लाख गुना बेहतर माहौल में वह हिन्दुस्तान में हैं। लोकतंत्र का उत्सव मनाते हैं। मनमर्जी की सरकार चुनने का अधिकार है।
-
केंद्र ने विकास और स्वतंत्रता दी, राजनीतिक गुलामी नहीं : डॉ. राधा मोहन
केंद्रीय गृह मंत्रालय की गृह कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को विकास की सौगात देने के साथ ही राजनीतिक गुलामी सेे आजादी दी। सुरक्षा संग सुविधाएं दीं। अब यहां रोजगारपरक शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग-धंधों और रोजगार, सड़क, रेल, खेलकूद आदि उपलब्ध है। भविष्य में जम्मू-कश्मीर विकसित भारत में अमूल्य योगदान देगा।
-
एलजी, सीएस, डीजीपी और सैन्य अधिकारियों संग हुई बैठक
अध्यक्ष डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने बताया कि दौरे के दौरान प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा मुख्य सचिव अटल डुल्लू, डीजीपी नलिन प्रभात और लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा एवं लेफ्टिनेंट जनरल हितेश भल्ला संग बैठक कर विकासपरक योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को जाना। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, श्रीनगर प्रशासन, गुलमर्ग, सोनमर्ग और कारगिल के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बैठक कर वहां का हाल जाना गया।
-
कारगिल दौरे के दौरान सैन्य कर्मियों से मुलाकात करते समिति के अध्यक्ष डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल।