फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Srinagar News: ड्रग ओवरडोज से हुई थी युवती मौत, शव को जलाने का प्रयास, चार गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
लेह। लद्दाख पुलिस ने एक लापता युवती की मौत से जुड़े ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में सफलता हासिल की है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। युवती की मौत नशे की ओवरडोज से हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने सबूत नष्ट करने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया। असफल रहने पर शव को छोड़कर भाग गए थे। युवती का जला हुआ शव एक जून को लेह जिले के गंगलेस क्षेत्र में खारदुंग ला मार्ग के किनारे बरामद किया गया था।
विज्ञापन


प्रभारी एसएसपी लेह ने बताया कि शव आंशिक रूप से जली हुई अवस्था में मिला था। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। कई दिनों तक चली तकनीकी और मैनुअल निगरानी आधारित जांच के बाद विशेष जांच दल ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों की पहचान की। मृतका की पहचान ज़ेसडोन के रूप में हुई है जो पहले से लापता बताई गई थी।

पुलिस के अनुसार मामले में चार लोगों को नामजद किया गया है आंगदू उर्फ फर्स्ट लव, लाडोन, स्टैंजिन स्पालबार उर्फ सारपो और नोडत्सेरिंग। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथा आरोपी नोडत्सेरिंग एनडीपीएस के तहत दर्ज एक अन्य मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में है।
विज्ञापन


जांच के अनुसार घटना के समय मृतका आंगदू, लाडोन और सारपो के साथ आंगदू के किराए के कमरे में मौजूद थी। पुलिस का कहना है कि वहां सभी ने एक साथ नशीले पदार्थों का सेवन किया था और जांच के दौरान दर्ज बयानों के आधार पर युवती की मौत संदिग्ध ड्रग ओवरडोज के कारण हुई। अधिकारियों ने बताया कि युवती की हालत बिगड़ने के बावजूद आरोपियों ने उसे कोई चिकित्सीय सहायता उपलब्ध नहीं कराई, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मौत के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और अपराध को छिपाने का प्रयास किया। इसके लिए शव को खारदुंग ला क्षेत्र में ले जाया गया, जहां उसे जलाने के कई प्रयास किए गए। शव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भी ले जाया गया और बाद में छोड़ दिया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “सबूत नष्ट करने और अपराध को छिपाने के प्रयास में आरोपियों ने पेशेवर अपराधियों जैसा व्यवहार किया। यह जांच डीएसपी ऋषभ के नेतृत्व में एसएचओ और एसआईटी टीम के सहयोग से की गई। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल निगरानी के संयोजन से मामले को सुलझाने में सफलता मिली।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि मृतका के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस का एक मामला दर्ज था, जबकि आरोपी स्टैंजिन स्पालबार उर्फ सारपो के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो पुराने मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला पूरी तरह से नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।

लद्दाख में बढ़ती नशे की समस्या पर पूछे गए सवाल के जवाब में पुलिस अधिकारियों ने माना कि ड्रग्स से जुड़े मामलों में वृद्धि हो रही है और इसे समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में गठित एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) नशे के खिलाफ अभियान को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है। इसके परिणामस्वरूप कई मामले दर्ज किए गए हैं और प्रभावी कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें