श्रीनगर। घाटी में पिछले कुछ समय से सक्रिय आतंकी संगठन पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट (पीएएफएफ) ने वीरवर को श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र लावेपोरा में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली। संगठन ने सोशल मीडिया पर एक 1 मिनट 13 सेकेंड की वीडियो वायरल की है। इसमें एक आतंकी टेबल पर एक पिस्तौल और मैगजीन रख इस हमले की जिम्मेदारी ले रहा है। वीडियो में हमले के दौरान एक जवान से छीनी गई एआर-एम5 एफ 41 राइफल भी दिखाई गई है। बता दें कि इस हमले में सीआरपीएफ के दो जवान शहीद और दो घायल हुए थे। पुलिस ने दो ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया है, तीन आतंकियों की तलाश जारी है।