श्रीनगर। अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने रविवार को प्रस्तावित परिसीमन ढांचे के तहत जम्मू-कश्मीर के लिए तीन अतिरिक्त लोकसभा सीटों की मांग की है। उन्होंने कहा कि संसदीय सीटों में होने वाली संभावित बढ़ोतरी के अनुपात में ही इस क्षेत्र को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। एक सोशल मीडिया पोस्ट में अल्ताफ बुखारी ने कहा कि राष्ट्रीय समाचार पत्रों की खबरों से संकेत मिलता है कि जम्मू-कश्मीर को दो अतिरिक्त लोकसभा सीटें मिल सकती हैं, जिससे कुल सीटों की संख्या पांच से बढ़कर सात हो जाएगी।
इस प्रस्तावित आवंटन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि देश भर में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जा रही है तो जम्मू-कश्मीर के प्रतिनिधित्व को भी उसी अनुपात में बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि क्षेत्र की मौजूदा पांच सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि करने पर 2.5 अतिरिक्त सीटें बनती हैं, जिससे कुल संख्या 7.5 हो जाती है, जिसे तर्कसंगत रूप से बढ़ाकर आठ किया जाना चाहिए। बुखारी ने कहा कि इस गणित के हिसाब से जम्मू-कश्मीर को प्रस्तावित दो सीटों के बजाय तीन अतिरिक्त लोकसभा सीटें मिलनी चाहिएं। पंजाब का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां 6.5 सीटों की वृद्धि का अनुमान था और उसे सात अतिरिक्त सीटें आवंटित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के साथ भी यही मानक अपनाया जाना चाहिए और केंद्र शासित प्रदेश को तीन अतिरिक्त संसदीय सीटें दी जानी चाहिएं। अल्ताफ बुखारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की ताकि जम्मू-कश्मीर को संसदीय प्रतिनिधित्व में उसका वाजिब हक मिल सके।