श्रीनगर। श्रीनगर जिला बार एसोसिएशन ने अदालती कार्यवाही के दौरान अधिवक्ताओं की तरफ से अपनी आधिकारिक पोशाक पर लॉ फर्मों के नाम या लोगो वाले बैज लगाने की प्रथा पर कड़ा संज्ञान लिया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि यह बात संज्ञान में आई है कि विभिन्न लॉ फर्मों से जुड़े कुछ वकील अदालतों में पेशी और बहस के दौरान ऐसे बैज प्रदर्शित कर रहे हैं, जो सीधे तौर पर पेशेवर नैतिकता, निर्धारित ड्रेस कोड और अदालत की गरिमा के खिलाफ है।
बार एसोसिएशन ने जोर देकर कहा कि वकालत एक अत्यंत गरिमापूर्ण और स्वतंत्र पेशा है, जिसकी बुनियाद निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा, समानता और उच्च पेशेवर आचरण पर टिकी है। अदालतों के लिए तय की गई निर्धारित पोशाक का मूल उद्देश्य वकीलों के बीच समानता, मर्यादा और अनुशासन बनाए रखना है। इसे किसी भी निजी लॉ फर्म या संस्था के प्रचार-प्रसार अथवा विज्ञापन के माध्यम के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति कतई नहीं दी जा सकती। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की पड़ताल अधिवक्ता अधिनियम 1961, बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के नियमों और अन्य प्रासंगिक पेशेवर दिशा-निर्देशों के तहत की जाएगी।
इसके साथ ही बार एसोसिएशन ने कानूनी बिरादरी के सभी सदस्यों को निर्धारित पेशेवर ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन करने और अदालत में सर्वोच्च अनुशासन बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है। एसोसिएशन ने कानूनी पेशे की गरिमा, स्वतंत्रता और पवित्रता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।