लेह। महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर लेह ने अंतरराष्ट्रीय योग एवं ध्यान महोत्सव 2026 के तहत पहली बार सियाचिन बेस कैंप में एक विशाल सामूहिक योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया।
लगभग 12,000 फुट की ऊंचाई पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय सेना के अधिकारी और जवान, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, योग विशेषज्ञ, आध्यात्मिक नेता तथा महाबोधि रेजिडेंशियल स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वंदनीय भिक्षु संघसेन ने आंतरिक शांति, मानसिक शक्ति और समग्र कल्याण के लिए योग, ध्यान और आध्यात्मिकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
स्वामी वचनानंद के नेतृत्व में आयोजित विशेष योग सत्र में शारीरिक फिटनेस, प्राणायाम और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं महाबोधि रेजिडेंशियल स्कूल के विद्यार्थियों ने सामूहिक योग प्रदर्शन प्रस्तुत कर प्रतिभागियों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान एमआईएमसी को अंतरराष्ट्रीय योग एवं ध्यान महोत्सव तथा सियाचिन बेस कैंप में आयोजित इस ऐतिहासिक योग शिविर के सफल आयोजन के लिए विनर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।