लेह। 14वें दलाई लामा के 28 जून को प्रस्तावित लद्दाख आगमन की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को लेह में एक उच्चस्तरीय बैठक की गई। सहायक आयुक्त राजस्व लेह, देलेक्स नामग्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों, लद्दाख बौद्ध संघ, लद्दाख गोंपा संघ तथा अन्य संबंधित पक्षों ने भाग लिया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
लद्दाख बौद्ध संघ के अध्यक्ष छेरिंग दोरजे लाकरूक ने दलाई लामा के दौरे से संबंधित आवश्यकताओं को बैठक के समक्ष रखा। बताया कि परम पावन के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर 6 जुलाई को भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।
अधिकारियों ने जीवेत्सल और परम पावन के निवास स्थल पर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। संबंधित विभागों को स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दलाई लामा के दौरे और जन्मदिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा के लिए जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी।