कारगिल। हज यात्रियों का टीकाकरण कार्यक्रम बुधवार को कारगिल जिले में शुरू हो गया। जिला प्रशासन के अनुसार पहले दिन संकू, तैसुरू, द्रास और शकर चिक्तान सहित विभिन्न ब्लॉकों में कुल 259 ज़ायरीन को टीका लगाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संकू में संकू उपमंडल के चयनित जायरीन के लिए स्क्रीनिंग एवं टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। इसमें कुल 34 जायरीन को संक्रामक रोगों से बचाव के लिए टीका लगाया गया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर संकू डॉ. ज़ाहिदा खातून ने अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभियान की निगरानी की। सद्भावना के प्रतीक के रूप में ज़ायरीन को पारंपरिक खातक भी भेंट किए गए।
इसी तरह का टीकाकरण अभियान उप-जिला अस्पताल द्रास में भी आयोजित किया गया, जिसमें द्रास ब्लॉक के 58 ज़ायरीन ने भाग लिया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने 60 वर्ष से अधिक आयु के सात ज़ायरीन को इन्फ्लुएंजा टीका, जबकि 60 वर्ष से कम आयु के 51 ज़ायरीन को मेनिंगोकोकल टीका लगाया। सभी ज़ायरीन को ओरल पोलियो वैक्सीन की बूंदें भी दी गईं।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य हज जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान संक्रामक रोगों के जोखिम को कम करना है।
उपायुक्त ने ज़ायरीन से बातचीत कर उनकी पवित्र यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं तथा लद्दाख और विश्व में शांति एवं समृद्धि की कामना की।
अधिकारियों ने बताया कि लेह जिले में यह कार्यक्रम 26 और 27 मार्च को आयोजित किया जाएगा, जिसमें 64 ज़ायरीन को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय लेह, उप-जिला अस्पताल दिस्कित और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुशोत में टीका लगाया जाएगा।