लेह। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई समिट का दौरा किया।
उन्होंने कहा कि लद्दाख देश का पहला एआई-सक्षम शहर बनने की दिशा में काम कर रहा है, जहां तकनीक का उपयोग शहरी प्रशासन को मजबूत करने, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने और सतत व समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा। इस दौरान आयुक्त सचिव आईटी, लद्दाख, शशांका आला भी उनके साथ मौजूद रहीं।
दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने कई टेक्नोलॉजी पवेलियनों का निरीक्षण किया। उन्होंने गूगल, मेटा, अमेज़न, एयरटेल, कोरओवर सहित कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सक्रिय वैश्विक और भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत की।
उन्होंने समिट में प्रदर्शित नवोन्मेषी एआई-आधारित समाधानों की सराहना की, विशेष रूप से वे समाधान जो शासन की दक्षता, सार्वजनिक सेवा वितरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल समावेशन में सुधार के उद्देश्य से विकसित किए गए हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि अपनी विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, सामरिक महत्व और विकास संबंधी चुनौतियों के कारण लद्दाख एआई-आधारित पहलों से महत्वपूर्ण लाभ उठा सकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश स्मार्ट प्रशासन, पूर्वानुमान आधारित शासन, पर्यावरण निगरानी, आपदा प्रबंधन, जलवायु अनुकूलन, पर्यटन प्रबंधन और युवाओं के सशक्तीकरण के लिए एआई का उपयोग करने का लक्ष्य रखता है।