डोडा। जोधपुर क्षेत्र से दो दिन से लापता 42 वर्षीय महिला बबली देवी पत्नी देविंदर कुमार का शव रविवार सुबह चिनाब नदी के किनारे एक नाले से बरामद किया गया। महिला के लापता होने की रिपोर्ट 17 सितंबर को कराड़ा पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह कुछ घोड़े वाले चिनाब नदी के पास रेत निकालने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्होंने नाले में महिला का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और महिला के परिजनों को मौके पर बुलाकर शव की पहचान करवाई। परिजनों ने शव की पहचान बबली देवी के रूप में की।
पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी डोडा पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल के पास से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है। इसकी पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
महिला के पति देविंदर कुमार ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले उनके बेटे ने फोन कर बताया था कि उनकी मां डोडा जा रही हैं। इसके बाद वह डोडा पहुंचे और बबली देवी से घर वापस चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने घर लौटने से इनकार कर दिया। पति के अनुसार इससे पहले भी बबली देवी घर से चली जाती थीं और पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव की बात कहती थीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और महिला की मौत के कारणों तथा पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।