बारामुला। शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शुक्रवार को डिप्टी कमिश्नर फखर-उद-दीन हमीद और एसएसपी गुरिंदरपाल सिंह ने शहर के विभिन्न अहम स्थानों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
इस दौरान उनके साथ डीएसपी ट्रैफिक और एआरटीओ बारामुला भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया और वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाने के लिए जरूरी उपायों पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने शहर के प्रमुख जाम वाले इलाकों का दौरा किया और आम लोगों को हो रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से भी बातचीत कर ट्रैफिक प्रबंधन में आ रही चुनौतियों को समझा।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके और शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।