श्रीनगर। डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत बनाने और जनसेवा से जुड़ी पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में डीसी श्रीनगर अक्षय लाबरू ने बुधवार को जिले की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम डीसी कार्यालय में आयोजित किया गया। इस दौरान प्राशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
डीसी ने कहा कि वेबसाइट को यूजर-फ्रेंडली, सुलभ और प्रभावी बनाया गया है ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाओं और सूचनाओं तक आसान पहुंच मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि साइट को नियमित रूप से अपडेट किया जाना चाहिए और उपयोगकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर इसमें लगातार सुधार किए जाने चाहिए। डीसी ने सभी विभागों से इस प्लेटफॉर्म को सक्रिय और उत्तरदायी सूचना केंद्र बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि यह वेबसाइट प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। वेबसाइट को बेहतर नेविगेशन, सुव्यवस्थित सामग्री और आसान पठनीयता के साथ तैयार किया गया है। लोगों तक सरकारी योजनाओं और जिला स्तर की गतिविधियों की जानकारी समय पर पहुंचेगी। संवाद