दीक्षांत समारोह से पूर्व कश्मीर यूनिवर्सिटी के बाहर तैनात पुलिस।
- फोटो : shrinagar news
श्रीनगर। देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के घाटी के तय दौरे से पहले बुधवार को सुरक्षाबलों ने श्रीनगर के कुछ हिस्सों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की एक जॉइंट टीम ने इलाके को घेरे में लिया और सुरक्षा अभ्यास के तहत शहर के आबिगुजर और लाल चौक से सटे जेहलम के तटबंध के करीब रिहायशी इलाके में तलाशी ली। यह ऑपरेशन हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर किया गया था। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन वीरवार को कश्मीर यूनिवर्सिटी में 21वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के लिए श्रीनगर पहुंच रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार इस अभियान के दौरान रिहायशी इलाकों सहित हाउसबोटों की भी तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि पूरे श्रीनगर में खासकर डल झील और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत कर दी गई है। सीआरपीएफ के जवानों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है और आने-जाने को रेगुलेट करने के लिए और चेकपॉइंट बनाए गए हैं। कश्मीर यूनिवर्सिटी की ओर जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, कई जगहों पर तलाशी और गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। इवेंट को आसानी से कराने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि इन उपायों का मकसद उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।