गांदरबल। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को गांदरबल में 84.41 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी। इनमें गांदरबल शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए 770 लाख रुपये, सड़क चौड़ीकरण के लिए 750.78 लाख, जिला अस्पताल में 840 लाख रुपये की सीटी स्कैन मशीन और कई जलापूर्ति योजनाएं शामिल हैं।
अब्दुल्ला ने कहा, गांदरबल में सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी गई है। इस प्रोजेक्ट को जल्द मुकम्मल करने के निर्देश दिए गए हैं। रिंग रोड के मामले पर सीएम ने कहा कि किसी को परेशान नहीं किया गया है। कहीं नाइंसाफी हो रही है तो जांच कराएंगे। सिंथेटिक ट्रैक पर उन्होंने कहा कि यह फिजिकल एजुकेशन कॉलेज का ट्रैक है लेकिन अगर यहां के कुछ युवा भी इस ट्रैक को इस्तेमाल करना चाहते हैं तो कॉलेज की अथॉरिटी से बात करेंगे। ये युवा खुद को आईडेंटिफाई कर कॉलेज में खुद को रजिस्टर करें। फिर इजाजत दिलवा देंगे।
सीएम ने कहा, आज विकास कार्यों के उद्घाटन और आधारशिला रखी गई हैं। इनमें अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन, पानी की कई परियोजनाएं, ड्रेनेज स्कीम, बाइपास रोड शामिल हैं। इससे बिहामा चौक पर भीड़ का दबाव कम होगा। कई अन्य परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है जिन पर जल्द काम शुरू होगा। मिशन युवा के तहत युवाओं को स्वीकृति लेटर दिए गए हैं ताकि वे कारोबार शुरू कर सकें।