पौनी। सावन के पवित्र माह में रनसु स्थित श्री शिवखोड़ी धाम में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। धाम में एक से 28 अगस्त शाम पांच बजे तक कुल 1,64,976 श्रद्धालु भोले बाबा के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालु पवित्र गुफा में विराजमान भोले बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। दर्शनीय ड्योढ़ी से लेकर पवित्र गुफा तक पूरे यात्रा मार्ग पर हर हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए। यात्रा मार्ग पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया। सावन में शिवखोड़ी में नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का भी आयोजन किया गया। कथा के समापन के अगले दिन श्रद्धालुओं के लिए भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भजनों का आनंद लिया।