अगले आदेश तक बालटाल, नुनवान या चंदनवाड़ी से तीर्थ यात्रियों के आगे बढ़ने पर रोक, सुरक्षा को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा खराब मौसम के जारी पूर्वानुमान को देखते हुए बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों से श्री अमरनाथ जी यात्रा को रविवार (19 जुलाई) से अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर 19 जुलाई 2026 से दोनों मार्गों से यात्रा को रोकने का निर्णय लिया गया है।
कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने इस संबंध में बताया कि अगले कुछ दिनों के दौरान खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए यह कदम उठाया गया है। इसके अनुसार, 19 जुलाई 2026 से बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप से किसी भी तीर्थयात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि मौसम की स्थिति के व्यापक मूल्यांकन और मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद, उचित समय पर यात्रा को दोबारा शुरू करने के संबंध में ताजा अपडेट जारी किया जाएगा। गौरतलब है कि मौजूदा श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान अब तक 3.7 लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।