श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जीपी सिंह ने कश्मीर घाटी के तीन दिवसीय दौरे के दौरान सुरक्षा और परिचालन तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्ग से लेकर बालटाल बेस कैंप तक सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का जायजा लेते हुए सुरक्षित और निर्बाध तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
एक प्रवक्ता ने बताया कि दौरे के दौरान डीजी सीआरपीएफ ने यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा तंत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मजबूत सुरक्षा ग्रिड बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच घनिष्ठ समन्वय और सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।
श्रीनगर में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में डीजी सीआरपीएफ ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, नागरिक प्रशासन, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षाबलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को और मजबूत करने तथा यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और घटना-मुक्त बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई।
बालटाल बेस कैंप में उन्हें सुरक्षा ग्रिड, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और लॉजिस्टिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी प्रबंध चाक-चौबंद रहें और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
अपने दौरे के दौरान डीजी सीआरपीएफ ने मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के गुंड स्थित 118वीं बटालियन मुख्यालय का भी व्यापक निरीक्षण किया और वहीं रात्रि विश्राम किया, जिसे जवानों के कल्याण और जमीनी स्तर पर परिचालन तैयारियों के प्रति नेतृत्व की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने बटालियन मुख्यालय में आधारभूत ढांचे और चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और परिचालन गतिविधियों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों से भी बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया। श्रीनगर में सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और कमांडरों के साथ एक अन्य उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीजी सीआरपीएफ ने अमरनाथ यात्रा के दौरान शांति और सामान्य स्थिति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमांडरों को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज करने तथा मैदानी क्षेत्रों में चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी बनाए रखने को कहा।
डीजी सीआरपीएफ के साथ इस दौरे में विशेष महानिदेशक (ऑपरेशंस) वितुल कुमार, अतिरिक्त महानिदेशक जम्मू-कश्मीर जोन राजेश कुमार, आईजी कश्मीर ऑप्स सेक्टर विनीत बृज लाल, आईजी प्रोविजनिंग निदेशालय सोनल वी मिश्रा, आईजी श्रीनगर सेक्टर पवन कुमार शर्मा सहित सीआरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।