फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Srinagar News: पर्यटन, आतिथ्य, व्यावसायिक शिक्षा, बागवानी व डेयरी के अवसरों पर की चर्चा

विज्ञापन
भारत में स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिसाफी श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर के साथ।  - फोटो : shrinagar news
विज्ञापन
श्रीनगर। भारत में स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिसाफी ने शुक्रवार को यहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। आपसी हित के मुद्दों तथा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
विज्ञापन

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में सतत पर्यटन, आतिथ्य, व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण, बागवानी, डेयरी तथा पर्यावरण-अनुकूल खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्रों में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के सामाजिक-आर्थिक विकास को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यहां के लोगों के लिए दीर्घकालिक समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए इन क्षेत्रों में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने के महत्व पर जोर दिया। अब्दुल्ला ने क्षेत्रीय नियोजन और मानव विकास के ढांचों में अभिनव तथा सतत दृष्टिकोणों को एकीकृत करने के सरकार के दृष्टिकोण को रेखांकित किया। इसका उद्देश्य रोजगार के अवसर सृजित करना, उत्पादकता बढ़ाना और जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार लाना है।
विज्ञापन

कश्मीर की यात्रा पर आईं राजदूत तिसाफी ने जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अपार आर्थिक संभावनाओं की सराहना की। उन्होंने अधिक सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान के अवसरों को तलाशने में रुचि व्यक्त की। प्रवक्ता ने बताया कि दोनों पक्षों ने सतत विकास और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में सहयोग के महत्व को पुनः दोहराया।
स्विट्जरलैंड की राजदूत ने वीरवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी मुलाकात की थी।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि श्रीनगर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ सार्थक बैठकें हुईं। इनमें कश्मीर में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई - सतत पर्यटन और व्यावसायिक प्रशिक्षण से लेकर खाद्य प्रसंस्करण और कृषि तक। स्विट्जरलैंड की राजदूत ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि कैसे स्विट्जरलैंड की विशेषज्ञता निजी क्षेत्र के माध्यम से इस क्षेत्र के विकास में योगदान दे रही है-सुरंगों और पुलों से लेकर पनबिजली तकनीक और संयुक्त अनुसंधान तक।
उन्होंने आगे कहा कि कश्मीर में बेहतरीन बातचीत का मजा तो साथ में एक कप कहवा के साथ ही आता है। टिसाफी, जो जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर हैं, उन्होंने उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में स्थित प्रसिद्ध स्की रिसोर्ट गुलमर्ग का भी दौरा किया।
उन्होंने कहा कि शाहरुख खान की डीडीएलजे से लेकर जब तक है जान तक बॉलीवुड ने स्विट्जरलैंड और गुलमर्ग दोनों को ही परदे पर अविस्मरणीय बना दिया है। गुलमर्ग को पहली बार देखकर, मैं समझ सकती हूं कि फिल्मकार बार-बार इन घाटियों में क्यों लौटकर आते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हालांकि सुंदरता से परे पहाड़ी क्षेत्रों की कुछ साझा जिम्मेदारी भी होती हैं, जैसे कि लचीलापन, सतत पर्यटन और आपदा जोखिम में कमी लाना। यही कारण है कि हम इस क्षेत्र में मिलकर काम करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे-कश्मीर यूनिवर्सिटी में हिमालयी हिमनद विज्ञान (ग्लेशियोलॉजी) के एक सहयोगी कार्यक्रम से लेकर ईटीएच जुरिच यूनिवर्सिटी के साथ क्लाउड अनुसंधान तक।
विज्ञापन

इस दौरान मुझे कश्मीर के शॉल और कालीन बनाने वालों की कलाकारी देखने का भी अवसर मिला और यह उतनी ही सुंदर थी जितनी कि यहां की प्राकृतिक छटा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें