श्रीनगर। पुलिस ने अनंतनाग जिले में एक कुख्यात नशा तस्कर की एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर पुलिस ने यह कार्रवाई यहां दर्ज एक नशीले पदार्थों से जुड़े मामले के सिलसिले में की गई है। उन्होंने कहा कि यह जब्ती, चल रहे ''''नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान'''' के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की लगातार जारी सख्त कार्रवाई का एक हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्ति एक रिहायशी मकान है, जो दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के बोनपोरा दुपत्यार के रहने वाले आमिर हसन मीर का है। उन्होंने कहा कि इस संपत्ति की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई श्रीनगर के शेरगढ़ी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के तहत की गई।