श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को बेरहमी से कत्ल की गई नाबालिग लड़की के परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बडगाम जिले के गलवानपोरा गांव में पीड़ित परिवार के घर जाकर उनसे मुलाकात की और इस गहरे दुख की घड़ी में उन्हें सांत्वना और हिम्मत दी। बच्ची की दुखद मौत पर गहरा शोक जताते हुए मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में सरकार पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना ने समाज की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है। जोर देकर कहा कि ऐसे तत्वों के लिए एक सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस मामले को उसके तार्किक अंजाम तक पहुंचाया जाए और इस जघन्य अपराध के दोषी को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। मुख्यमंत्री के साथ बडगाम के विधायक आगा मुंतजिर मेहदी और जिले के सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे।