अनंतनाग। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर आईआरपीएफ के जवानों ने एक कार चालक की जान बचाने में मदद की। सीआरपीएफ के जवान इस चालक के लिए देवदूत बनकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दक्षिण कश्मीर के सुभानपोरा के पास चालक को दिल का दौरा पड़ा था। यह सारा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हुआ। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने पर स्थानीय लोगों ने सीआरपीएफ जवानों की प्रतिबद्धता और तीव्र कार्रवाई की सराहना की।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर का बिलाल मरहामा कोका-कोला डिपो में कर्मचारी है। सुबह लगभग 9:30 बजे उसे यात्री निवास इलाके के पास गाड़ी चलाते समय सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। वह कुछ बोल नहीं पा रहा था। उसने गाड़ी रोक दी। 90 बटालियन की एक आरओपी (रोड ओपनिंग पार्टी) उसकी मदद के लिए पहुंची।
उस नाज़ुक ''''गोल्डन आवर'''' के दौरान हेड कांस्टेबल विनोद कुमार और हेड कांस्टेबल नवीन कुमार ने उसे जान बचाने वाली प्राथमिक चिकित्सा दी जिसमें सीपीआर, इकोस्प्रिन और सोर्बिट्रेट शामिल थे। मरीज को सीआरपीएफ की गाड़ी में तुरंत एसडीएच बिजबिहाड़ा ले जाया गया। मेडिकल स्टाफ ने पुष्टि की कि सीआरपीएफ की तुरंत कार्रवाई की वजह से मरीज की हालत स्थिर हो गई है।
वहीं सीआरपीएफ की 90वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कीपी सिंह ने कहा कि जवानों ने बस अपनी ड्यूटी निभाई और एक इंसान की जान बचाने पर संतोष जाहिर किया।